अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्तराखंड का मान बढ़ा: डॉ. कुमार प्रशांत को ‘एक्सीलेंस इन क्रिटिकल केयर’ अवार्ड

अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्तराखंड का मान बढ़ा: डॉ. कुमार प्रशांत को ‘एक्सीलेंस इन क्रिटिकल केयर’ अवार्ड

हरिद्वार/देहरादून,   उत्तराखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण तब आया, जब जया ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के निदेशक डॉ. कुमार प्रशांत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित “एक्सीलेंस इन क्रिटिकल केयर (Excellence in Critical Care)” अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया।

यह पुरस्कार श्रीलंका के पश्चिमी प्रांत के माननीय गवर्नर श्री हनीफ यूसुफ के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया। समारोह में भारत के श्रीलंका में उच्चायुक्त श्री संतोष झा, श्रीलंका के उप मंत्री श्री चतुरंग अभयसिंघे और Z मीडिया के सीईओ सहित कई गणमान्य हस्तियां विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में भारत और श्रीलंका के स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ चिकित्सक, विशेषज्ञ और मीडिया प्रतिनिधियों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।

डॉ. कुमार प्रशांत ने पुरस्कार प्राप्त करने के बाद अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे जया ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स परिवार और वहां कार्यरत समर्पित डॉक्टरों व स्टाफ की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य हमेशा से यही रहा है कि हर मरीज को उच्च गुणवत्ता वाली और किफायती क्रिटिकल केयर सेवाएं मिलें। यह पुरस्कार हमें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।”

गौरतलब है कि जया ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। विशेष रूप से क्रिटिकल केयर सेवाओं में आधुनिक तकनीक और अनुभवी चिकित्सा टीम के माध्यम से संस्थान ने कई गंभीर मरीजों को नया जीवन देने में सफलता हासिल की है।

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान से न केवल जया ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स, बल्कि पूरे उत्तराखंड राज्य का नाम वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की उपलब्धियां राज्य में चिकित्सा सेवाओं के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *