अपर आयुक्त ताजबर सिंह का बड़ा ऐलान: उत्तराखंड में नकली दवाओं पर 24×7 QRT का पहरा, लापरवाह इंस्पेक्टरों पर भी होगी कार्रवाई
देहरादून। उत्तराखंड में नकली और अवैध दवाओं के कारोबार पर निर्णायक प्रहार करते हुए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने पूरे प्रदेश में 24 घंटे सक्रिय रहने वाली क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का गठन किया है। अब प्रदेश में कहीं भी नकली दवाओं के निर्माण, भंडारण, बिक्री या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच करेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।
FDA के अपर आयुक्त ताजबर सिंह ने कहा कि विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदेशवासियों तक सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इसके लिए नियमित निरीक्षण, औचक छापेमारी और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई को और प्रभावी बनाया गया है।
ताजबर सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि अब कार्रवाई केवल दवा कारोबारियों तक सीमित नहीं रहेगी। विभागीय अधिकारियों और ड्रग इंस्पेक्टरों की कार्यशैली पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। यदि कोई अधिकारी अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही करता है या शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई बरतता है, तो उसके खिलाफ भी सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि नवगठित QRT प्रदेशभर में चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर कार्य करेगी। किसी भी जिले से शिकायत मिलने पर टीम बिना देरी के मौके पर पहुंचकर जांच करेगी और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
अपर आयुक्त ने विश्वास जताया कि इस नई व्यवस्था से नकली और अवैध दवाओं के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगेगा, विभागीय जवाबदेही बढ़ेगी और आम जनता का दवा व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत होगा।



