केंद्रीय बजट 2026 पर सुनील सैनी: गरीब-वंचित और युवाओं के सशक्तिकरण का मजबूत रोडमैप
युवा शक्ति से विकसित भारत की नींव: तेज आर्थिक वृद्धि और समावेशी विकास की स्पष्ट दिशा
हरिद्वार राज्य मंत्री सुनील सैनी ने केंद्रीय बजट 2026-27 को “युवा शक्ति संचालित, समावेशी और दूरदर्शी बजट” बताते हुए कहा कि यह बजट गरीब, शोषित और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कर्तव्य भवन में तैयार किया गया यह पहला बजट अपने आप में ऐतिहासिक है, जो राष्ट्र निर्माण के तीन मूल कर्तव्यों से प्रेरित है।
राज्य मंत्री ने बताया कि बजट का पहला कर्तव्य देश की आर्थिक वृद्धि को तेज करना और उसे निरंतर बनाए रखना है। इसके तहत निवेश, उद्योग, स्टार्टअप और आईटी सेक्टर को मजबूती देने के लिए कई अहम प्रावधान किए गए हैं। विशेष रूप से आईटी सेवाओं के लिए सेफ हार्बर सुविधा की सीमा 300 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 2000 करोड़ रुपये किया जाना डिजिटल अर्थव्यवस्था और तकनीकी नवाचार को बड़ा प्रोत्साहन देगा।
उन्होंने कहा कि बजट का दूसरा कर्तव्य आम नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करना और उनकी क्षमताओं का निर्माण करना है। शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार सृजन और उद्यमिता पर विशेष फोकस रखते हुए युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की स्पष्ट रणनीति इस बजट में दिखाई देती है, जिससे भारत की विकास यात्रा को नई ऊर्जा मिलेगी।
तीसरा कर्तव्य ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र से जुड़ा है। इसके अंतर्गत गरीब, किसान, महिला और युवा सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के सशक्तिकरण के लिए ठोस और व्यवहारिक रोडमैप प्रस्तुत किया गया है। सामाजिक कल्याण योजनाओं, ग्रामीण विकास और बुनियादी ढांचे को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं इस बजट में स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती हैं।
राज्य मंत्री सुनील सैनी ने यह भी कहा कि अनुमान आधार पर टैक्स देने वाले सभी अप्रवासियों को न्यूनतम वैकल्पिक टैक्स (MAT) से छूट देने का निर्णय निवेश-अनुकूल वातावरण को और सुदृढ़ करेगा, जिससे भारत वैश्विक निवेश के लिए एक भरोसेमंद गंतव्य के रूप में उभरेगा।
उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के यशस्वी नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी द्वारा संसद में प्रस्तुत यह बजट “विकसित भारत@2047” के संकल्प को सशक्त गति देता है। यह बजट आर्थिक विकास और सामाजिक न्याय के बीच संतुलन स्थापित करते हुए भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर भारत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखता है।
अंत में राज्य मंत्री ने कहा कि यह आम बजट वर्तमान के सपनों को साकार करने वाला और आने वाली पीढ़ियों के लिए अवसरों के नए द्वार खोलने वाला है। उन्होंने इस लोक-कल्याणकारी और दूरदर्शी बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया



