शिवडेल स्कूल का रजत जयंती समारोह “सृजन” शानदार ढंग से संपन्न—विधायक, सीडीओ और मुख्यमंत्री ने की सराहना
हरिद्वार। शिवडेल स्कूल जगजीतपुर का दो दिवसीय रजत जयंती समारोह “सृजन” धूमधाम से आयोजित हुआ। विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा देखकर अतिथि अभिभूत रह गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी शरदपुरी जी ने स्थानीय विधायक आदेश चौहान, स्वामी केशवानंद, स्वामी रामानंद पुरी और जितेन्द्र रघुवंशी के साथ दीप प्रज्ज्वलन कर किया। नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के बच्चों ने जोशीली और आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनकी दर्शकों ने भरपूर सराहना की।
बच्चों की प्रमुख प्रस्तुतियों में नन्हे सितारे नृत्य, खेल के रंग, एकता में विविधता, नारी शक्ति, गंगा अवतरण, चार युगों की दिव्य यात्रा, रामायण अभिनय, महिषासुर मर्दिनी, आत्मरक्षा प्रदर्शन, ऑपरेशन सिंदूर, और शिव तांडव विशेष आकर्षण रही।

अतिथियों ने की तारीफ
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि “शिवडेल जैसे विद्यालयों से शिक्षित संस्कारवान छात्र ही विकसित भारत का निर्माण करेंगे।” उन्होंने विद्यालय के 25 वर्ष के योगदान की सराहना की।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि शिवडेल में आध्यात्मिक वातावरण में दी जा रही शिक्षा बच्चों को संस्कारी बनाती है। उन्होंने कहा, “छात्रों की जीवन्त प्रस्तुतियाँ देखकर मैं अभिभूत हूँ।”
ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने बच्चों के अभिनय को अत्यंत प्रभावशाली बताया और कहा कि मंच पर दिखाई गई अदाकारी ने उन्हें भावुक कर दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने वर्चुअल संबोधन किया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से समारोह को संबोधित करते हुए शामिल न हो पाने पर खेद जताया, साथ ही स्कूल की उपलब्धियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शिवडेल स्कूल हर वर्ष देश के लिए प्रतिभाशाली युवा तैयार कर रहा है, जिससे उत्तराखंड का गौरव बढ़ रहा है।
स्वामी शरदपुरी ने जताया आभार
विद्यालय के संस्थापक स्वामी शरदपुरी महाराज ने अपने संघर्ष और स्कूल की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की प्रगति शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्रों और अभिभावकों के सहयोग से संभव हुई है। स्वामी जी ने सभी अतिथियों, संतों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
अतिथियों का सम्मान
कार्यक्रम में विधायक आदेश चौहान, विधायक रवि बहादुर, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, बीएचईएल, विभिन्न स्कूलों के प्रिंसिपल, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि सहित कई विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
समारोह का संचालन डॉ. नरेश मोहन ने किया।



