
रालोद महिला प्रकोष्ठ की गढ़वाल मण्डल अध्यक्ष नियुक्ति पर हरिद्वार में हुआ भव्य स्वागत
हरिद्वार, 20 अप्रैल 2025 — राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के महिला प्रकोष्ठ की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष कमलप्रीत अरोरा के स्वागत में नवोदय नगर की महिलाओं ने गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस अवसर पर गढ़वाल मंडल की नवनियुक्त महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष चौधरी सरिता देवी के निवास पर सक्रिय सदस्यता अभियान की प्रथम बैठक का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अशोक खोक्खर ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती राजेश त्यागी ने की। कार्यक्रम में रालोद के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रदेश महासचिव उदयवीर चहल, मुख्य प्रवक्ता अनुपम खत्री, देहरादून महानगर कार्यकारी अध्यक्ष राहुल गेहलोत और हरीश भाटिया प्रमुख रहे।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष कमलप्रीत अरोरा ने कहा, “राष्ट्रीय लोकदल का लक्ष्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। चौ. जयंत सिंह जी के नेतृत्व में हम महिलाओं को रोजगार से जोड़ने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। जब महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होंगी, तो समाज और राष्ट्र दोनों सशक्त बनेंगे।”
गढ़वाल मण्डल अध्यक्ष सरिता देवी ने कहा, “रालोद सदैव महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रहा है। हम महिलाओं को घर से ही स्वरोजगार की सुविधा देकर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर कर रहे हैं। सक्रिय सदस्यता अभियान के तहत ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को दल से जोड़ने का लक्ष्य है।”
मुख्य प्रवक्ता अनुपम खत्री ने महिला कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और विचारधारा से अवगत कराया। महासचिव उदयवीर चहल ने कहा, “रालोद एकमात्र ऐसा दल है जिसकी छवि बेदाग और पारदर्शी रही है।”
इस अवसर पर ललिता शर्मा, बबीता, सोनी चौधरी, पुष्पा, कंचन सिंह, दीपा, सुनीता, विजयलक्ष्मी, नीरज, आयुषी, मालती, लता चौधरी समेत बड़ी संख्या में लोगों ने राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की।
हरिद्वार में आयोजित यह बैठक रालोद की महिलाओं को संगठित करने और उन्हें राजनीतिक रूप से जागरूक बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।