
हरिद्वार। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) ने हरिद्वार के दूधाधारी चौक स्थित होटल पर्ल में अपनी प्रथम कार्यकर्ता कार्यशाला का आयोजन किया। इस अवसर पर उत्तराखंड भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र पन्त ने की, जबकि शुभारंभ प्रदेश प्रभारी चौधरी नीरपाल सिंह के नेतृत्व में हुआ।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी चौधरी नीरपाल सिंह ने संगठन की मजबूती और राजनीति में आदर्श मूल्यों के महत्व पर बल दिया। उन्होंने राष्ट्रीय लोक दल के संस्थापक स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि “उत्तराखंड में रालोद तीसरी शक्ति बनकर उभर सकता है। छह महीने तक चलने वाले सक्रिय सदस्यता अभियान के तहत हर ब्लॉक, तहसील और जिले में जोर-शोर से जनसंपर्क किया जाएगा।”
वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी देवपाल सिंह राठी ने संगठन को जमीनी स्तर तक विस्तार देने पर बल देते हुए कहा, “आज हमारी सबसे बड़ी चुनौती संगठन को गांव-गांव तक ले जाना है और सक्रिय सदस्यता कार्यक्रम इस दिशा में एक अहम कदम है।”
महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष कमलप्रीत अरोड़ा ने रालोद में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना की और राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह की सोच को महिलाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
प्रदेश मुख्य प्रवक्ता अनुपम खत्री ने संगठन को विचारधारा आधारित आंदोलन बताते हुए कहा, “हमें सिर्फ सदस्यता नहीं बल्कि विचार और उद्देश्य से संगठन को मजबूती देनी है। हमें पूरा भरोसा है कि 2027 तक उत्तराखंड में रालोद एक मजबूत विकल्प बनकर सामने आएगा।”
प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र पन्त ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “हर जिले और महानगर में कार्यालय खोलना हमारी प्राथमिकता है। उत्तराखंड एक विशिष्ट भौगोलिक प्रदेश है, जहां जनता की समस्याएं अलग प्रकार की हैं। हमें उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहना होगा।”
कार्यशाला में सिद्धांत चौधरी, उदयवीर सिंह चहल, अशोक चौधरी, पविन्दर, सरिता देवी, समीर समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी विचार साझा किए।
इस अवसर पर अशोक खोखर, राहुल गहलोत, डीपी सिंह, रवि प्रधान, मनोज राणा, प्रमोद डोभाल, संजय टीटोरिया, रिचा खत्री, विपुल डागर समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यशाला ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और संगठन को मजबूती देने की प्रेरणा का संचार किया।