हरिद्वार में बिना RERA रजिस्ट्रेशन फल-फूल रहा रियल एस्टेट का कारोबार, अवैध कॉलोनियों पर कब गिरेगी गाज?
उत्तराखंड में अवैध प्लाटिंग और निर्माण पर RERA सख्त, विकास प्राधिकरणों से रोजाना मांगी कार्रवाई की रिपोर्ट; हरिद्वार में भी कई परियोजनाओं के पंजीकरण और स्वीकृतियों पर उठ रहे सवाल
देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड में रियल एस्टेट के नाम पर आम लोगों की गाढ़ी कमाई से खिलवाड़ करने वाले बिल्डरों और अवैध कॉलोनाइजरों की अब खैर नहीं। बिना नक्शा पास कराए निर्माण करने और नियमों को ताक पर रखकर प्लाटिंग करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए उत्तराखंड रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (RERA) ने सख्त रुख अपना लिया है। रेरा ने प्रदेश के विकास प्राधिकरणों से सीलिंग, ध्वस्तीकरण और अवैध निर्माण के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की दैनिक रिपोर्ट तलब की है। साफ निर्देश हैं कि अब कार्रवाई केवल नोटिस जारी करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अधिकारियों को जमीन पर किए गए काम का हिसाब भी देना होगा।
इस सख्ती के बीच हरिद्वार जिले में भी रियल एस्टेट कारोबार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बिना रेरा पंजीकरण के संचालित हो रही कई परियोजनाओं और विकसित की जा रही कॉलोनियों को लेकर जांच की जरूरत महसूस की जा रही है। आरोप हैं कि कुछ बिल्डर और डेवलपर प्लॉट तथा मकान बेचने के नाम पर लोगों को आकर्षित कर रहे हैं, लेकिन संबंधित परियोजनाओं के रेरा पंजीकरण और जरूरी सरकारी अनुमतियों की स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर हरिद्वार में रेरा के नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रही परियोजनाओं पर कार्रवाई कब होगी?
हरिद्वार में जमीन की बढ़ती कीमतों और आवासीय कॉलोनियों की मांग के बीच प्लाटिंग का कारोबार तेजी से फैल रहा है। कई स्थानों पर नई कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं। ऐसे में यह जांचना जरूरी है कि कौन सी परियोजनाएं रेरा के दायरे में आती हैं, किनका पंजीकरण कराया गया है और कहां बिना जरूरी अनुमति के प्लॉट बेचे जा रहे हैं। आम आदमी अपनी जिंदगीभर की कमाई जमीन या मकान खरीदने में लगा देता है। बाद में यदि परियोजना अवैध निकलती है या उसे जरूरी स्वीकृतियां नहीं मिलतीं तो खरीदार कानूनी और आर्थिक परेशानियों में फंस जाता है।
अब रोजाना देना होगा कार्रवाई का हिसाब
रेरा ने प्रदेश के सभी विकास प्राधिकरणों से अवैध निर्माण और अनियमित प्लाटिंग के खिलाफ की जा रही सीलिंग, ध्वस्तीकरण तथा अन्य कार्रवाई की दैनिक रिपोर्ट मांगी है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्राधिकरण केवल नोटिस जारी कर अपनी जिम्मेदारी पूरी न समझें, बल्कि अवैध निर्माण के खिलाफ वास्तविक कार्रवाई भी करें। सीलिंग के बाद दोबारा निर्माण शुरू करने वालों पर ध्वस्तीकरण और एफआईआर जैसी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराने वाले और कार्रवाई में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
बिल्डरों का पुराना रिकॉर्ड भी होगा सार्वजनिक
सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार के अनुसार, राज्य में रियल एस्टेट क्षेत्र को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए कई सुधार किए जा रहे हैं। परियोजनाओं की निगरानी, शिकायतों का निस्तारण, बिल्डरों का पंजीकरण और अवैध प्लाटिंग पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। रेरा पोर्टल को ईज ऑफ डूइंग बिजनेस सिस्टम से जोड़ा जा रहा है। साथ ही बिल्डरों और प्रमोटरों के पुराने प्रोजेक्ट रिकॉर्ड को सार्वजनिक करने की व्यवस्था विकसित की जा रही है, ताकि खरीदार निवेश से पहले बिल्डर की विश्वसनीयता की जांच कर सकें।
689 प्रोजेक्ट, 1342 शिकायतें और 106 बिल्डरों के खिलाफ आरसी
रेरा के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2017 से अब तक प्रदेश में 689 रियल एस्टेट परियोजनाएं और 510 एजेंट पंजीकृत हो चुके हैं। बिल्डरों और डेवलपर्स के खिलाफ 1342 शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनमें से करीब 80 प्रतिशत का निस्तारण किया जा चुका है। वहीं, 106 बिल्डरों के खिलाफ रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) जारी किए गए हैं। इसके बावजूद कई खरीदार अपनी रकम वापस मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
रेरा अध्यक्ष रवींद्र पंवार के अनुसार, बिल्डरों से परेशान लोग बड़ी संख्या में शिकायतें लेकर प्राधिकरण पहुंच रहे हैं। शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है, लेकिन आरसी की वसूली की गति धीमी है। इसके लिए शासन को भी अवगत कराया जा रहा है। प्रशासन को वसूली के मामलों में और सख्ती बरतने की जरूरत है।
खरीदारों को इन मामलों में लग रहा झटका
– तय समय पर फ्लैट या मकान का कब्जा नहीं मिलना।
– एग्रीमेंट के अनुसार निर्माण और सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराना।
– तय कीमत से अधिक रकम मांगना।
– पूरी रकम लेने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं करना।
– बिना जरूरी रेरा पंजीकरण के परियोजनाओं का प्रचार और बिक्री करना।
– अवैध प्लाटिंग में जमीन खरीदने के बाद कानूनी विवाद में फंसना।
हरिद्वार के प्रोजेक्ट भी जांच के दायरे में आएं
रेरा की इस सख्ती के बाद हरिद्वार जिले में भी विशेष जांच अभियान चलाने की जरूरत है। संबंधित विकास प्राधिकरण को जिले में विकसित हो रही कॉलोनियों और हाउसिंग प्रोजेक्ट की सूची तैयार कर यह स्पष्ट करना चाहिए कि कितने प्रोजेक्ट रेरा में पंजीकृत हैं और कितने बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे हैं। साथ ही बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण और अनियमित प्लाटिंग के मामलों में की गई कार्रवाई का ब्योरा भी सार्वजनिक होना चाहिए।
अब सवाल कार्रवाई का है, सिर्फ निर्देशों का नहीं
रेरा की सख्ती से अवैध निर्माण और रियल एस्टेट के नाम पर हो रही कथित धोखाधड़ी पर अंकुश लगने की उम्मीद है। लेकिन इसकी असली परीक्षा हरिद्वार जैसे जिलों में होगी, जहां तेजी से विकसित हो रहे रियल एस्टेट कारोबार में पारदर्शिता सुनिश्चित करना जरूरी है। सवाल यह है कि क्या विकास प्राधिकरण बिना पंजीकरण चल रही परियोजनाओं को चिह्नित कर कार्रवाई करेगा? क्या अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलेगा और क्या उन लोगों की जवाबदेही तय होगी, जिनकी निगरानी में नियमों को ताक पर रखकर निर्माण और प्लाटिंग होती रही? अब आम खरीदारों को कार्रवाई के ठोस परिणाम का इंतजार है।




