जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ हरिद्वार ने की हमले की कड़ी निंदा, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
हरिद्वार/देहरादून। अजय कुमार नौडियाल, निदेशक प्रारंभिक शिक्षा उत्तराखंड पर निदेशालय में हुए हमले की घटना को लेकर शिक्षकों में भारी रोष है। इस मामले में जूनियर हाई School शिक्षक संघ हरिद्वार ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
संघ के जिला अध्यक्ष पवन सैनी ने बयान जारी कर कहा कि शिक्षा विभाग के शीर्ष अधिकारी पर इस तरह का हमला न केवल निंदनीय है, बल्कि पूरे शिक्षक समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो इससे विभागीय कार्यप्रणाली प्रभावित होगी और गलत संदेश जाएगा।
संघ ने स्पष्ट किया कि दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार की घटना को अंजाम देने का दुस्साहस न कर सके।
शिक्षक संघ ने राज्य सरकार और प्रशासन से मांग की है कि शिक्षा निदेशालय सहित सभी महत्वपूर्ण कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो शिक्षक संगठन आंदोलन की रणनीति बनाने को बाध्य होगा।



